
भोपाल। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में “राष्ट्रीय एकता दिवस” के तहत आज भव्य आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शौर्य स्मारक, भोपाल से “रन फॉर यूनिटी” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि —
“सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। आज हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, पुलिस कर्मियों, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्रों और नागरिकों ने भाग लिया। शौर्य स्मारक परिसर देशभक्ति और एकता के नारों से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया और सभी नागरिकों से एकता और अखंडता की भावना को सशक्त बनाने का आह्वान किया।










