Search
Close this search box.

“अश्विनी परांजपे को महिला मोर्चा की कमान, खण्डेलवाल बोले – एसआईआर लोकतंत्र की सुरक्षा”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा महिला मोर्चा की नई प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने संभाला पदभार, पार्टी अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल बोले—“महिला शक्ति ही लोकतंत्र की दिशा तय करेगी”

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को महिला मोर्चा की नई प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर राजनीति में उनकी भागीदारी बढ़ाने का ऐतिहासिक कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं पहले से कहीं अधिक जागरूक हैं और लोकतंत्र को सही दिशा देने में समर्थ हैं। 2023 में मध्यप्रदेश विधानसभा, लोकसभा चुनाव और हाल ही संपन्न हुए बिहार चुनाव में भाजपा की जीत को महिलाओं ने मजबूत आधार दिया है। खण्डेलवाल ने सभी महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मध्यप्रदेश के हर घर तक भाजपा की योजनाओं और कार्यों को पहुँचाने का संकल्प लें।

फर्जी मतदाताओं पर कड़ी नजर—एसआईआर को बताया महत्वपूर्ण

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि फर्जी और बाहरी मतदाता चुनाव परिणामों को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्ता एसआईआर में सक्रिय सहयोग करे, ताकि एक भी सही मतदाता सूची से न छूटे और कोई फर्जी नाम न बच पाए।

 

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पारदर्शी और सही होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आधार है। कई ऐसे फर्जी मतदाता भी दर्ज पाए जाते हैं जो अवैध तरीके से देश में बसे हैं और सिर्फ चुनावी संतुलन बिगाड़ने का काम करते हैं। इसलिए एसआईआर का काम पूरी गंभीरता से करना जरूरी है।

 

 

“महिलाएं लोकतंत्र को नई दिशा दे रही हैं” — खण्डेलवाल

 

खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा जनसंघ काल से सक्रिय है, लेकिन भाजपा सरकार ने स्थानीय निकायों और अन्य स्तरों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर उन्हें नेतृत्व का बड़ा अवसर दिया है।

आज मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के नेतृत्व में महिलाएं सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, महापौर, विधायक और सांसद जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा—

“आप सभी संगठन को मजबूत करें। पार्टी में सभी समान होते हैं, सिर्फ दायित्व बदलते हैं। अपनी चिंता छोड़ पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का काम करें। संगठन आपके सम्मान की पूरी चिंता करता है।”

 

 

“अश्विनी परांजपे के नेतृत्व में महिला मोर्चा रचेगा इतिहास” — माया नारोलिया

 

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि अश्विनी परांजपे मां नर्मदा की बेटी हैं और प्रदेश महामंत्री के रूप में उनका अनुभव अत्यंत समृद्ध रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा संगठनात्मक कार्यों में नया इतिहास रचेगा।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए चलाई जा रही योजनाएँ देश और प्रदेश की महिलाओं को नई दिशा दे रही हैं।

 

 

“एसआईआर भारत माता की पूजा की तरह” — अश्विनी परांजपे

 

नई प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे ने पदभार ग्रहण करते हुए कहा कि मतदाता सूची का सही होना राष्ट्र-निर्माण की मूल आवश्यकता है।

उन्होंने कहा—

“एसआईआर का कार्य भारत माता की पूजा के समान है। महिला मोर्चा की हर कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करे कि एक भी सही मतदाता वंचित न रह जाए।”

 

परांजपे ने भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाने के लिए महिला मोर्चा पूरी निष्ठा और मेहनत से अपना योगदान देगा।

 

 

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित

 

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती माया पटेल ने किया और आभार श्रीमती शशि यादव ने व्यक्त किया।

इस दौरान मंच पर सुश्री राजो मालवीय, श्री मनोरंजन मिश्रा, महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक श्रीमती रीति पाठक, जिलाध्यक्ष श्री रविन्द्र यति, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना जाचक सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें