संपादक रानु शर्मा भोपाल…!

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामी दयानंद नगर स्थित पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव के निवास पर पहुंचकर सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भार्गव परिवार द्वारा बाल हृदय रोगियों के उपचार एवं सहायता के लिए गठित वैदिका फाउंडेशन के विशेष कक्ष का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने फाउंडेशन के माध्यम से संचालित सेवा गतिविधियों की जानकारी लेते हुए इन्हें समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव वर्षों से सेवा के संकल्प के साथ निरंतर जनहित में कार्य कर रहे हैं। उनके द्वारा संचालित सेवा कार्य एक उत्कृष्ट और अनुकरणीय मॉडल हैं, जो जरूरतमंद और पीड़ित लोगों के लिए संबल का कार्य करते हैं। विशेष रूप से सागर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से भोपाल उपचार के लिए आने वाले रोगियों की चिंता करते हुए भार्गव ने राजधानी में समुचित उपचार, आवास और भोजन की व्यवस्थाएं विकसित की हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस सेवा क्रम में लगभग 70 बेड की सुविधा विकसित की गई है, जहां रोगियों के साथ उनके परिजनों के ठहरने की भी समुचित व्यवस्था की गई है। उपचार के दौरान रोगियों एवं उनके देखरेख करने वाले परिवारजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है, जो मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल उपचार के लिए आए कुछ नागरिकों से भेंट कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं के समाधान के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने वैदिका फाउंडेशन द्वारा विकसित सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनते हैं।

पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के निवास परिसर में एक सुसज्जित बाल भवन भी विकसित किया गया है, जहां बच्चों के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री ने इस बाल भवन के साथ-साथ रहवास एवं रसोई की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया और इन व्यवस्थाओं को सराहनीय बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सेवा का यह भाव और समर्पण समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। शासन स्तर पर ऐसे सेवा प्रयासों को सदैव प्रोत्साहन दिया जाएगा, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंच सके।













