सजग भोपाल–सुरक्षित भोपाल: पुलिस कमिश्नर संजय कुमार का गौतम नगर क्षेत्र में जनसंवाद
भोपाल। शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आम नागरिकों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने रविवार रात थाना गौतम नगर क्षेत्र के अटल अयूब नगर और न्यू आरिफ नगर में आमजनों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
जनसंवाद के दौरान दो नागरिकों ने अपने साथ हुई साइबर ठगी की घटनाएं साझा कीं। इन घटनाओं को उदाहरण बनाते हुए पुलिस कमिश्नर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की, ताकि अन्य लोग भी ऐसी ठगी से बच सकें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचने के लिए किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचना बेहद जरूरी है।
पुलिस आयुक्त ने इस अवसर पर यातायात नियमों के पालन, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने में आम नागरिकों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सहयोग से ही शहर को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी पुलिस कमिश्नर के सामने रखीं। इस पर उन्होंने गौतम नगर चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की बात कही और पीक आवर्स के दौरान ड्यूटी पॉइंट लगाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
पुलिस कमिश्नर ने भरोसा दिलाया कि भोपाल पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।










