Search
Close this search box.

MP – भानपुरा के पान कृषकों को नेट हाउस की उम्मीद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भानपुरा के पान कृषकों को नेट हाउस क्लस्टर की उम्मीद, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने दिया आश्वासन

 

प्राकृतिक आपदाओं से पान की खेती बचाने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में पहल

 

भोपाल – मंदसौर जिले के भानपुरा क्षेत्र के पान कृषकों के लिए राहत भरी खबर है। पान की खेती को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से नेट हाउस क्लस्टर का लक्ष्य दिलाने की मांग पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है।

 

मंगलवार को भोपाल स्थित चार इमली कार्यालय में भानपुरा से आए पान कृषकों के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री नारायण सिंह कुशवाह से मुलाकात की। इस दौरान कृषकों ने पान की खेती को बढ़ावा देने, फसल को प्रतिकूल मौसम और प्राकृतिक आपदाओं से बचाने तथा उत्पादन को सुरक्षित बनाने के लिए पान क्लस्टर के अंतर्गत नेट हाउस उपलब्ध कराने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में मंत्री को पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।

 

मंत्री कुशवाह ने कृषकों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इस मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करने के निर्देश देते हुए नेट हाउस उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया।

 

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के संरक्षण और कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक तकनीक और जरूरी सुविधाओं के माध्यम से कृषकों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

मंत्री के सकारात्मक रुख से भानपुरा के पान कृषकों में उम्मीद जगी है। प्रतिनिधिमंडल ने उनकी मांग पर पहल करने और सहयोग का भरोसा देने के लिए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। अब किसानों को उम्मीद है कि विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और उन्हें नेट हाउस क्लस्टर का लाभ मिल सकेगा।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें