संपादक – रानू शर्मा, भोपाल
राजगढ़, मध्यप्रदेश – तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। राजगढ़ जिले के करनवास के पास दूधी–परसुलिया इलाके में देर रात हंस ट्रेवल्स की एक यात्री बस खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब छह लोग घायल हो गए, जिनमें तीन बस स्टाफ के सदस्य भी शामिल हैं।

यह बस इंदौर से दिल्ली जा रही थी और आगरा–बॉम्बे रोड पर प्याज से लदे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को तत्काल ब्यावरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मामले की जांच जारी है। लगातार हो रहे ऐसे हादसे प्रदेश में तेज रफ्तार वाहनों की बड़ी समस्या की ओर इशारा करते हैं।










