शिवपुरी में जल सत्याग्रह
भोपाल। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के दिदावनी गांव में लोअर उर परियोजना के तहत नहर निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने जल सत्याग्रह किया। ग्रामीणों का आरोप है कि नहर का घटिया निर्माण होने से टूटने का खतरा है और गांव डूब सकता है। इसी को लेकर बुधवार को 60 से अधिक ग्रामीण बांध के पानी में उतर गए और मुआवजा मिलने तक विरोध जारी रखने की चेतावनी दी।

ग्रामीणों का कहना है कि अब तक 70% प्रभावितों को ही मुआवजा मिला है, जबकि शेष 30% परिवारों को अभी भी अधिकार से वंचित रखा गया है। राजेंद्र सिंह बुंदेला ने बताया कि उनके पांच कमरों के मकान का करीब 13 लाख रुपये का मुआवजा तय हुआ था, लेकिन राशि गलती से किसी अन्य के खाते में चली गई और उनकी सुनवाई नहीं हो रही।

प्रशासन और पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर वापस भेजा, लेकिन लोग मुआवजा मिलने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हैं।










