
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नकली नोटों के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने करोंद इलाके में कार्रवाई करते हुए 500 रुपए के नकली नोट छापने वाले आरोपी विवेक यादव को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने अपने ही घर को अवैध छापाखाने में बदल रखा था, जहां वह धड़ल्ले से नोट तैयार कर रहा था।

पुलिस जांच में पता चला कि यूपी निवासी विवेक यादव पिछले लंबे समय से नकली नोट बना रहा था। कुछ दुकानदारों की शिकायत पर पुलिस ने दबिश दी और उसके पास से 2 लाख रुपए कीमत के तैयार नकली नोट बरामद किए। इसके अलावा 30 लाख रुपए के नकली नोट छापने का रॉ मटेरियल भी उसके घर से मिला। सिर्फ 10वीं पास आरोपी ने नकली नोट बनाने की तकनीक सीखने के लिए विदेशी किताबें पढ़ीं और उपकरण व सामग्री ऑनलाइन खरीदी। वह अब तक करीब 6 लाख रुपए के नकली नोट बाजार में चला चुका है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।










