नर्मदापुरम : घूसखोरी में कृषि विभाग के उपसंचालक रंगे हाथ गिरफ्तार
नर्मदापुरम में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कृषि विभाग के उपसंचालक जे.आर. हेड़ाऊ को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोप है कि अधिकारी ने एक खाद–बीज विक्रेता के निलंबित लाइसेंस को बहाल करने के बदले एक लाख रुपये की मांग रखी थी।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित व्यापारी ने अनैतिक मांग से परेशान होकर लोकायुक्त से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। सोमवार को जैसे ही उपसंचालक हेड़ाऊ ने व्यापारी से 40 हजार रुपये की पहली किश्त ली, टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि क्या इस तरह की वसूली के और भी मामले अधिकारी से जुड़े हुए हैं।
इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। व्यापारी संगठनों ने लोकायुक्त टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा है कि ऐसी कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर रोक लगने में मदद मिलेगी। वहीं, कृषि विभाग के भीतर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
लोकायुक्त की टीम अब आरोपी के बैंक खातों, संपत्तियों और पुराने मामलों की भी जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि कहीं वह लंबे समय से इस तरह की अवैध वसूली में तो लिप्त नहीं था।










