Search
Close this search box.

बच्चों की जान पर भारी फोरलेन ! पिटगारा चौराहे पर स्पीड ब्रेकर गायब , हादसे को खुला न्योता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पिटगारा चौराहे पर फोरलेन बना खतरे का कारण , बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा संकट…! 

रिपोटर बदनावर…!

बदनावर – ग्राम पिटगारा के प्रमुख चौराहे पर स्थित फोरलेन मार्ग इन दिनों आमजन के लिए सुविधा से अधिक खतरे का कारण बनता जा रहा है। चौराहे पर स्पीड ब्रेकर के अभाव और सड़क मरम्मत कार्य की अत्यंत धीमी गति के चलते यहां किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। स्थिति इसलिए और गंभीर हो जाती है क्योंकि प्रतिदिन गांव के छोटे-छोटे बच्चे इसी व्यस्त फोरलेन को पार कर स्कूल जाते हैं, वहीं बदनावर की ओर आने-जाने वाली स्कूल बसें भी इसी चौराहे से होकर गुजरती हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार फोरलेन बनने के बाद से इस मार्ग पर वाहनों की संख्या और उनकी रफ्तार में लगातार इजाफा हुआ है। भारी वाहन, बसें, कारें और दोपहिया वाहन तेज गति से बिना रुके निकल जाते हैं, क्योंकि गति नियंत्रण के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था मौजूद नहीं है। ग्रामीण दीपेंद्र सिंह पंवार और प्रेम सिंह पंवार ने बताया कि सड़क मरम्मत कार्य शुरू होने से पहले चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बने हुए थे, लेकिन कार्य शुरू होते ही उन्हें हटा दिया गया। इसके बाद से वाहन तेज रफ्तार में गुजरने लगे हैं, जिससे खासकर स्कूल समय में बच्चों को सड़क पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि मरम्मत कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे सड़क की स्थिति असमान बनी हुई है। इस कारण कई बार वाहन चालक अचानक दिशा बदलते हैं या तेज ब्रेक लगाते हैं, जिससे हादसों की संभावना और बढ़ जाती है। यह चौराहा पहले भी गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का गवाह रहा है और बीते दिनों यहां हुए हादसों में लोगों की जान तक जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं।

स्थानीय लोगों ने फोरलेन अधिकारियों से संपर्क करने का भी प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठाए जाने से प्रशासनिक उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में बदनावर चौपाटी पर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बदनावर के सभी वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं फोरलेन अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें यातायात सुधार पर चर्चा की गई। वहीं अब 22 दिसंबर को पुनः सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं फोरलेन अधिकारियों की समीक्षा बैठक प्रस्तावित बताई जा रही है।

ग्रामीणों और अभिभावकों को उम्मीद है कि इस बैठक में पिटगारा चौराहे की गंभीर समस्या पर भी ठोस निर्णय लिया जाएगा। उनकी प्रमुख मांग है कि चौराहे पर तत्काल स्पीड ब्रेकर का पुनः निर्माण किया जाए, स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, सड़क मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए और स्कूल समय में विशेष ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन को लेनी पड़ेगी। आमजन की मांग है कि मासूम बच्चों सहित सभी नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें