महिलाओं पर अमर्यादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस विधायक पर मंत्री निर्मला भूरिया का तीखा हमला

भोपाल। मध्यप्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने भांडेर से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा महिलाओं, विशेषकर पिछड़े और दलित वर्ग की बेटियों को लेकर दिए गए अत्यंत आपत्तिजनक बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इस टिप्पणी को न केवल महिलाओं की गरिमा पर सीधा हमला बताया, बल्कि इसे अपराधी मानसिकता को बढ़ावा देने वाला और समाज के लिए घातक करार दिया।

मंत्री भूरिया ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के मुख से इस प्रकार की भाषा सुनना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने विधायक के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें कहा गया कि “खूबसूरत लड़की को देखकर दिमाग विचलित हो सकता है और रेप हो सकता है।” मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस तरह की सोच बलात्कार जैसे जघन्य अपराध को अप्रत्यक्ष रूप से सही ठहराने का प्रयास है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि यह बयान कांग्रेस की महिलाओं के प्रति दूषित और असंवेदनशील मानसिकता को उजागर करता है। बेटियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर इस तरह की सोच समाज को गलत दिशा में ले जाती है और अपराधियों को नैतिक संरक्षण देती है।
कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल
कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कांग्रेस नेतृत्व से तीखे सवाल करते हुए कहा कि “लड़की हूं, लड़ सकती हूं” का नारा देने वाली कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी इस मामले में मौन क्यों हैं। उन्होंने पूछा कि क्या सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अपने विधायक की इस घृणित सोच से सहमत हैं, या फिर पार्टी इस बयान पर कार्रवाई करने का साहस नहीं जुटा पा रही है।
इस्तीफे और निष्कासन की मांग
मंत्री भूरिया ने मांग की कि कांग्रेस पार्टी को तुरंत फूल सिंह बरैया को पार्टी से निष्कासित करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि विधायक को प्रदेश की समस्त नारी शक्ति से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा सरकार में बेटियां सुरक्षित
मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार में बेटियों का सम्मान सर्वोपरि है। सरकार ऐसी किसी भी मानसिकता को स्वीकार नहीं करेगी जो महिलाओं को वस्तु की तरह देखती हो या उनके खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देती हो। उन्होंने कहा कि फूल सिंह बरैया ने समाज को बांटने और महिलाओं को नीचा दिखाने का जो प्रयास किया है, उसके लिए जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
मंत्री भूरिया के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस पर अपने विधायक के खिलाफ सख्त कदम उठाने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।










