खबर लोकेशन – भोपाल…! 
IPS मीट के द्वितीय दिन संभाला रिजॉर्ट में IPS अधिकारियों एवं परिवारजनों की पिकनिक, खेलकूद व मनोरंजन से सजा समागम

भारतीय पुलिस सेवा संघ समागम के द्वितीय दिवस का आयोजन आज प्रातः भोपाल स्थित संभाला रिजॉर्ट में उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर सभी आईपीएस अधिकारी एवं उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी सौहार्द, पारिवारिक सहभागिता और तनावमुक्त वातावरण में आपसी संवाद को बढ़ावा देना रहा।

समागम के दौरान खेलकूद एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को रेंडम तरीके से ब्लू, रेड, ग्रीन एवं येलो टीमों में विभाजित किया गया। विभिन्न टीमों के बीच रस्साकशी, हूल्ला हूप, फन अंताक्षरी और बलून गेम जैसी रोचक स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें सभी अधिकारियों एवं परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम में बच्चों के लिए भी विशेष स्पर्धाओं की व्यवस्था की गई थी। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ खेलों में भाग लिया और आनंद उठाया, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया। खेलकूद एवं मनोरंजन के इन पलों ने समागम को यादगार बना दिया।

इसके पश्चात सभी आईपीएस अधिकारियों को CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का डेमो एवं प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों ने सामूहिक रूप से लंच किया। कुल मिलाकर IPS मीट का द्वितीय दिवस आपसी मेल-जोल, मनोरंजन और उपयोगी प्रशिक्षण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।











