अमेरिका–भारत ट्रेड डील किसानों के खिलाफ साज़िश, प्रदेश को कर्ज़ और भ्रष्टाचार में डुबो रही भाजपा सरकार : जीतू पटवारी
भोपाल –
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने सोमवार को भोपाल में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में सबसे अधिक पीड़ित किसान, आम जनता और युवा हैं, जिन्हें भाजपा सरकारों ने पूरी तरह उपेक्षित कर दिया है।
श्री पटवारी ने अमेरिका–भारत ट्रेड डील को किसानों के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि अमेरिका के कृषि मंत्री के हालिया बयान से स्पष्ट हो गया है कि इस समझौते के तहत भारत अमेरिका से आने वाले कृषि उत्पादों पर शून्य प्रतिशत टैरिफ लगाएगा, जबकि भारतीय कृषि उत्पादों पर अमेरिका में 18 प्रतिशत तक टैक्स लगेगा। उन्होंने कहा कि इस डील में ड्राई फ्रूट्स, फल-सब्ज़ियां, शराब, स्पिरिट, औद्योगिक उत्पाद, रसायन और चिकित्सा उपकरण शामिल हैं, जो सीधे तौर पर देश के किसानों और छोटे उत्पादकों को नुकसान पहुंचाएंगे।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब अमेरिका का कृषि मंत्री खुलकर इस डील पर बयान दे रहा है, तो भारत के कृषि मंत्री—जो स्वयं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं—इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं। यह चुप्पी किस दबाव में है, इसका जवाब देश की जनता को मिलना चाहिए।
श्री पटवारी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी पहले ही चेतावनी दे चुके थे कि यह ट्रेड डील पूरी तरह भारत के खिलाफ होगी और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय दबाव में झुकेंगे। आज यह चेतावनी सच साबित होती दिख रही है।
किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि न तो किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है और न ही एमएसपी पर खरीदी हो रही है। भाजपा ने खेती को लाभ का धंधा बनाने का वादा किया था, लेकिन आज हालात यह हैं कि किसान कर्ज़ और निराशा में डूबते जा रहे हैं। यदि अमेरिका से सस्ता कृषि उत्पाद बिना टैक्स के भारत आएगा, तो देश के किसानों की आमदनी पूरी तरह तबाह हो जाएगी। कांग्रेस पार्टी इस किसान-विरोधी नीति के खिलाफ सड़कों पर उतरकर निर्णायक आंदोलन करेगी।
प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर बोलते हुए श्री पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने कर्ज़ लेने के मामले में सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों को पीछे छोड़ दिया है। चालू वित्त वर्ष में प्रदेश सरकार अब तक 1 लाख 78 हजार करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है। हाल ही में लिए गए 5200 करोड़ रुपये को जोड़ दिया जाए तो प्रदेश पर प्रतिदिन लगभग 213 करोड़ रुपये का कर्ज बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार यह कहकर गुमराह कर रही है कि कर्ज़ जीडीपी के दायरे में है, जबकि सच्चाई यह है कि बजट का आकार केवल कर्ज़ लेने के लिए बढ़ाया जा रहा है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि सरकार अब आम जनता से भी कर्ज़ लेने की स्थिति में पहुंच गई है, जो गंभीर आर्थिक संकट का संकेत है।
श्री पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार कर्ज चुकाने के लिए प्रदेश की संपत्तियां बेच रही है। अब तक 101 संपत्तियां मात्र 1100 करोड़ रुपये में बेची जा चुकी हैं और अन्य संपत्तियों को भी जल्दबाज़ी में बेचने की तैयारी है। उन्होंने इसे खुला भ्रष्टाचार और लूट करार दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई विभागों में कर्मचारियों को 6-6 महीने से वेतन नहीं मिला है, अतिथि शिक्षकों का भुगतान महीनों से रुका हुआ है, लेकिन सरकार प्रचार और अभिनंदन में व्यस्त है।
ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर श्री पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर खुद को ओबीसी हितैषी बताती है और दूसरी ओर सरकारी धन से महंगे वकीलों को फीस देकर ओबीसी आरक्षण को रोकने का प्रयास कर रही है। यह प्रदेश की जनता और ओबीसी समाज के पैसे का दुरुपयोग है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि भाजपा सरकार प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर श्वेत पत्र जारी करे और सुधार की स्पष्ट योजना सामने रखे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष के रूप में सहयोग के लिए तैयार है, लेकिन प्रदेश को अंधेरे में धकेलने नहीं देगी।
अंत में श्री पटवारी ने कहा कि जिन मंत्रियों पर गंभीर आरोप हैं, उन्हें पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने 26 मौतों के लिए जिम्मेदार स्वास्थ्य मंत्री और 32 मौतों के लिए जिम्मेदार मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव से आग्रह किया कि वे पद की गरिमा बनाए रखें, भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई करें और प्रदेश की जनता को जवाब दें।
कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत के साथ जनता की आवाज़ बनकर संघर्ष करती रहेगी।










