भोपाल।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से गुरुवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में स्विस संसद के सदस्य श्री निकोलस गूगर ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच आपसी सहयोग, विकास और समसामयिक विषयों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री गूगर का आत्मीय स्वागत करते हुए मध्यप्रदेश की विकास यात्रा, निवेश-अनुकूल नीतियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की जानकारी साझा की।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन में उज्जैन में प्रस्तावित वन्य जीव केंद्र सह रेस्क्यू सेंटर के निर्माण को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र घायल और संकटग्रस्त वन्य जीवों के संरक्षण, उपचार और पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने परियोजना को समयबद्ध तरीके से उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूरा करने, आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित करने और विशेषज्ञ संसाधनों के समुचित उपयोग पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार वन्य जीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के प्रति प्रतिबद्ध है, और उज्जैन का यह रेस्क्यू सेंटर प्रदेश में संरक्षण प्रयासों को नई मजबूती देगा।










