दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : ऋषिकेश-इंदौर स्लीपर बस ट्रेलर से टकराई, 8 की मौत, 6 यात्री जिंदा जले
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर आ रही स्लीपर बस कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ जीरो पॉइंट के पास आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रेलर दोनों में आग लग गई।
आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें 6 शव इतने बुरी तरह जल गए कि उनकी पहचान संभव नहीं हो सकी। उनकी पहचान अब डीएनए जांच के जरिए की जाएगी। हादसे में 21 यात्री घायल हुए हैं, जिनका इलाज दौसा जिला अस्पताल में जारी है।
पुलिस के मुताबिक हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में बस की तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री आग की लपटों में फंस गए। पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।









