महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने की विभागीय समीक्षा
सेवाएँ समय पर, संवेदनशीलता से और हर लाभार्थी तक पहुँचें : मंत्री भूरिया
भोपाल, – महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने बुधवार को विभाग की प्रमुख योजनाओं और सेवाओं की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों से जुड़ी सभी सेवाओं का क्रियान्वयन संवेदनशील, समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए।
बैठक में मंत्री भूरिया ने मिशन वात्सल्य, मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, पोषण अभियान और आंगनवाड़ी सेवाओं की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभाग की प्रत्येक योजना उन वर्गों तक सीधे पहुँचती है जिन्हें सुरक्षा, पोषण और सहयोग की सर्वाधिक आवश्यकता होती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मंत्री भूरिया ने विशेष रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 के बेहतर संचालन पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि ये सेवाएँ 24×7 पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्यरत रहें। उन्होंने कहा, “संकट की घड़ी में एक त्वरित प्रतिक्रिया किसी बच्चे या महिला के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकती है।”
बैठक में उन्होंने अधिकारियों को लाभार्थियों से सीधे संवाद बढ़ाने, फील्ड विज़िट के दौरान मौके पर ही सुनवाई और समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुश्री भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विभाग ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं और अब लक्ष्य है कि इन उपलब्धियों को और अधिक गहराई तक समाज के हर वर्ग तक पहुँचाया जाए।
इस अवसर पर आयुक्त श्रीमती निधि निवेदिता ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों के उन्नयन, चयन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी भर्ती, पोषण स्तर में सुधार, टेक-होम राशन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा जनजातीय बहुल क्षेत्रों में विशेष योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सभी जिलों में मॉनिटरिंग को मजबूत किया जा रहा है और फील्ड स्तर पर त्वरित समस्या-निवारण को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि प्रत्येक योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक सुचारु रूप से पहुँचे।
बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, संयुक्त संचालक और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










