कलंकित हुई शिक्षा की मर्यादा : उज्जैन के महर्षि सांदीपनि वेद विद्या प्रतिष्ठान में छात्र की बर्बर पिटाई…!
उज्जैन। धर्म और ज्ञान की नगरी उज्जैन से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने मानवता और गुरु-शिष्य परंपरा को शर्मसार कर दिया है। चिंतामन गणेश मंदिर मार्ग स्थित महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान में एक आचार्य की हैवानियत का मामला प्रकाश में आया है, जहाँ एक मासूम छात्र को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि वह गलती से दूसरे के बिस्तर पर सो गया था।
हैवानियत का वीडियो वायरल : तमाशबीन बने रहे अन्य शिक्षक
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शिक्षक दत्तदास शेवडे किस तरह एक छात्र पर छड़ी से कहर बरपा रहे हैं। छात्र दर्द से कराहता रहा, चीखता-चिल्लाता रहा और रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन पत्थर दिल शिक्षक का हाथ नहीं रुका। शर्मनाक बात तो यह है कि कमरे में मौजूद अन्य शिक्षक इस पूरी घटना को मूकदर्शक बनकर देखते रहे। किसी ने भी उस मासूम को बचाने या उन्मादी शिक्षक को रोकने की जहमत नहीं उठाई।
मीडिया से कतराते जिम्मेदार, गेट पर तैनात किए सुरक्षाकर्मी
जब इस अमानवीय कृत्य की खबर फैली और मीडिया संस्थान जवाब मांगने संस्थान पहुंचे, तो प्रबंधन ने चुप्पी साध ली। पत्रकारों को अंदर जाने से रोकने के लिए मुख्य द्वार पर सुरक्षाकर्मियों का पहरा बैठा दिया गया। संस्थान के जिम्मेदार अधिकारी अब तक कैमरे के सामने आने से बच रहे हैं, जो उनकी मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
पुलिसिया कार्रवाई : शिक्षक पर मामला दर्ज
घटना की गंभीरता को देखते हुए चिंतामन पुलिस थाने में आरोपी शिक्षक दत्तदास शेवडे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से उम्मीद जगी है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या भविष्य में ऐसे ‘कंसाचारी’ शिक्षकों पर लगाम कसी जाएगी?
@सवाल – क्या गुरुकुलों में छात्रों को वेद-पुराणों के नाम पर प्रताड़ना सहना सिखाया जा रहा है? जिस संस्थान का नाम सांदीपनि ऋषि के नाम पर हो—जिन्होंने कृष्ण और सुदामा को शिक्षा दी—वहाँ इस तरह की हिंसा शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने जैसी है।










