उद्घाटन छोटा हो या बड़ा, नेताजी का फीता कटना चाहिए! MP के मंत्री जी ने फोन पर बात करते-करते कर दिया ट्रांसफॉर्मर का श्रीगणेश
भोपाल/आलीराजपुर। नेताजी को फीता काटने का मौका मिल जाए तो वे बड़े-छोटे प्रोजेक्ट्स का फर्क भूल जाते हैं! मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार के मंत्री नागर सिंह चौहान का एक ऐसा ही अनोखा अंदाज इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चटकारे लेकर देखा जा रहा है। आमतौर पर नेता बड़े-बड़े हाईवे, पुल या इमारतों का फीता काटते हैं, लेकिन मंत्री जी ने तो सीधे बिजली के ट्रांसफॉर्मर का ही रिबन काटकर उसका बाकायदा उद्घाटन कर डाला।
वायरल हो रहे वीडियो में मंत्री जी का ‘मल्टीटास्किंग’ अंदाज देखने को मिला। एक हाथ में फोन और दूसरे हाथ में कैंची! मंत्री जी फोन पर बिजली विभाग के किसी अफसर या ठेकेदार की क्लास लगा रहे थे— “यहाँ पोल खड़े कर दिए, स्टैंड बना दिए, लेकिन लाइट क्यों नहीं लगाई? कौन ठेकेदार था भाई?” और बस, ठेकेदार को हड़काते-हड़काते ही उन्होंने दूसरे हाथ से ट्रांसफॉर्मर का फीता काट दिया! जैसे ही रिबन कटा, आसपास खड़े समर्थकों ने ज़ोरदार तालियां बजाकर इस ‘ऐतिहासिक’ पल का स्वागत किया।
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने चुटकियां लेना शुरू कर दिया है। कोई कह रहा है कि “आज तो ट्रांसफॉर्मर भी खुद पर गर्व महसूस कर रहा होगा कि उसका उद्घाटन सीधे कैबिनेट मंत्री के हाथों हुआ है,” तो कोई लिख रहा है कि “नेताजी के लिए कोई काम छोटा-बड़ा नहीं होता, बस कैंची और फीता तैयार रहना चाहिए!”
अब सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या ठेकेदार सच में काम अधूरा छोड़कर भाग गया था, या मंत्री जी बस बिजली आने की खुशी में कैंची चलाने से खुद को रोक नहीं पाए? वजह जो भी हो, मंत्री जी के इस ‘ट्रांसफॉर्मर कट’ उद्घाटन ने जनता को हंसने और चुटकी लेने का पूरा मौका दे दिया है।










