संपादक – रानू शर्मा
स्वतंत्रता के अमर सेनानी

मध्यप्रदेश । जबलपुर प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय महानायक अमर शहीद राजा शंकर शाह और उनके वीर पुत्र कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए दिया गया इन दोनों जनजातीय नायकों का अद्वितीय बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है।

1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह ने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध आवाज उठाई और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका यह बलिदान केवल जनजातीय समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शंकर शाह और रघुनाथ शाह की गौरव गाथा सदैव स्मरणीय रहेगी तथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम, साहस और बलिदान की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने यह भी आह्वान किया कि हमें अपने इन अमर नायकों के आदर्शों पर चलते हुए देश और समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।










