यूनिटी मार्च नर्मदा प्रवाह यात्रा का धार में भव्य स्वागत
सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर एकता के संदेश के साथ निकली यात्रा का जनभागीदारी से हुआ अभिनंदन

धार। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर नागपुर (महाराष्ट्र) से आरंभ हुई यूनिटी मार्च नर्मदा प्रवाह यात्रा मंगलवार को धार पहुंची, जहां इसका जोरदार और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। यह यात्रा मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से होकर गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुंचेगी।

धार आगमन पर केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक नीना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, और पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने यात्रा प्रमुख कपिल परमार सहित यात्रा में शामिल सैकड़ों प्रतिभागियों का आत्मीय स्वागत किया।

एकता, राष्ट्रनिर्माण और विकसित भारत का संदेश
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने में यह यात्रा एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा—
“लौह पुरुष सरदार पटेल की एकता, अखंडता और राष्ट्रनिर्माण की भावना को समझने तथा आगे बढ़ाने का यह अवसर अत्यंत प्रेरणादायी है।”

यात्रा के केंद्रीय प्रभारी कपिल परमार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा—
“जब हम सभी क्षेत्रों में छह गुना श्रेष्ठ कार्य कर लेंगे, तब आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य पूर्ण होगा।”

युवा शक्ति और सामाजिक भागीदारी का प्रदर्शन
यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों, माय भारत स्वयंसेवकों तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिभागियों ने जोश के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में युवा मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष जयंतराव गरुड़, मेरा युवा भारत जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत, जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, यात्रा जिला प्रभारी अशोक चौधरी, सह प्रभारी जसप्रीत डंग, युवा मोर्चा जिला महामंत्री अंकित भावसार, मंडल अध्यक्ष विशाल निगम, जयराज देवड़ा, जिला खेल अधिकारी राजेश शाक्य, नरेश भावसार, महेश रावला सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

यात्रा का यह स्वागत कार्यक्रम न केवल एकता और जनभागीदारी का प्रतीक बना, बल्कि सरदार पटेल के देश को एक सूत्र में बांधने वाले आदर्शों को फिर से स्मरण कर गया।










