संपादक – रानु शर्मा
भोपाल। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के लालघाटी चौराहे स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को नमन करते हुए उन्हें दूरदर्शी विचारक, कुशल संगठक और राष्ट्रभक्ति, सादगी, समर्पण व सेवा की प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपने विचारों और जीवन मूल्यों के माध्यम से भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उनका एकात्म मानववाद का दर्शन आज भी प्रासंगिक है और देश के विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।
सीएम ने कहा कि जनसंघ के समय से ही दुनिया में दो प्रमुख विचारधाराएं—समाजवाद और माओवाद—प्रचलित थीं, लेकिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय चिंतन पर आधारित वैचारिक विकल्प प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर दृढ़ता के साथ खड़ा है और चारों ओर विकास की नई इबारत लिख रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर पार्टी ने एक नया अभियान प्रारंभ किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण और संगठनात्मक शक्ति से ही आगे बढ़ती है। “हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं के बल पर चलती है और संगठन की व्यवस्थाएं आजीवन व्रत और सेवा भाव से संचालित होती हैं,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता दोहराई।










