भोपाल के मालिक मंदिर में निर्माण विवाद : सांसद आलोक शर्मा ने लगाया तोड़फोड़ का आरोप, जांच की मांग
भोपाल। पुराने भोपाल के घोड़ा निकास स्थित ऐतिहासिक मालिक मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने आरोप लगाया है कि मंदिर परिसर में मूर्तियां हटाई जा रही हैं, एक पुराना पीपल का पेड़ काट दिया गया है और निर्माण कार्य की आड़ में मंदिर की मूल संरचना से छेड़छाड़ की जा रही है।
इन आरोपों के बीच सांसद आलोक शर्मा मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर व नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सांसद ने कहा कि मालिक मंदिर पुराने भोपाल की आस्था और इतिहास का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और शुभ कार्यों से पहले निमंत्रण देने आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट की ओर से मंदिर परिसर में निर्माण कराया जा रहा है, मूर्तियां हटाई गई हैं और वर्षों पुराना पीपल का पेड़ भी काट दिया गया है, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
आलोक शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मंदिर परिसर में किसी भी कीमत पर भू-माफियाओं को कब्जा या व्यावसायिक निर्माण नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से निर्माण की अनुमति, नियमों और पूरे प्रकरण की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
सांसद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में किसी प्रकार का कॉम्प्लेक्स या व्यावसायिक निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मालिक मंदिर में निर्माण, कथित मूर्तियां हटाने और पीपल के पेड़ की कटाई को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। प्रशासन की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









