पेपर लीक पर सख्त एक्शन की तैयारी, फास्ट-ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा का कानून लाएगी सरकार : पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात देशभर के छात्रों के नाम वीडियो संदेश जारी करते हुए पेपर लीक को देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर अपराध बताया। उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह की घटनाओं पर पूरी सख्ती से कार्रवाई करने के लिए कानून को और मजबूत बनाने जा रही है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि पेपर लीक के मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था और दोषियों के लिए कड़े दंड का प्रस्ताव शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद सरकार अगले सप्ताह संसद में संबंधित विधेयक पेश कर उसे पारित कराने का प्रयास करेगी।
मोदी ने कहा कि पेपर लीक से लाखों छात्रों और उनके परिवारों का विश्वास टूटता है और उनका भविष्य प्रभावित होता है। इसलिए सरकार ने घटना सामने आने के बाद पिछले ढाई महीनों में लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता छात्रों का शैक्षणिक वर्ष बचाना था। इसी उद्देश्य से रिकॉर्ड समय में करीब 22 लाख छात्रों की दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई। साथ ही 19 जुलाई को नीट परीक्षा का परिणाम भी घोषित कर दिया गया, ताकि विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई और प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित न हो।
प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी और भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कठोर कानून लागू करेगी।









