बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर भीषण हादसा: महाकाल दर्शन कर गुजरात लौट रहे 6 श्रद्धालुओं की मौत, रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रॉले ने ईको वैन को मारी टक्कर
MP – बदनावर: बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम पंचकवासा के पास दोपहर करीब 1 बजे रॉन्ग साइड से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रॉले ने सामने से आ रही ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ईको वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
महाकाल दर्शन कर लौट रहे थे सभी मृतक प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैन में सवार सभी युवक गुजरात के वड़ोदरा (बड़ोदरा) शहर के रहने वाले थे। वे उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद वापस गुजरात लौट रहे थे, तभी पंचकवासा के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
ग्राइंडर से वैन को काटकर निकाले गए शव टक्कर की विभीषिका का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शव वैन के मलबे में बुरी तरह फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही बदनावर टीआई अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। वैन में बुरी तरह फंसे दो शवों को ग्राइंडर से गाड़ी के हिस्से काटकर बाहर निकालना पड़ा।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।










