मध्य प्रदेश कांग्रेस का बड़ा ऐलान : रावण दहन के बजाय मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकेगी पार्टी
भोपाल: मध्य प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बड़े विवाद के आसार बन गए हैं। वोट चोरी के गंभीर और सनसनीखेज आरोपों के बीच एमपी कांग्रेस ने एक आक्रामक रणनीति तैयार की है। पार्टी ने आगामी दशहरा पर्व पर पारंपरिक रूप से रावण दहन करने के बजाय, देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने का का फैसला किया है।
ऑनलाइन ज़ूम (ZOOM) प्लेटफॉर्म के जरिए हुई जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों की एक अहम बैठक में पार्टी आलाकमान की ओर से यह सीधा निर्देश जारी किया गया है। कांग्रेस का यह कदम चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े और तीखे विरोध प्रदर्शनों में से एक माना जा रहा है।
दिल्ली कूच की भी तैयारी सिर्फ मध्य प्रदेश की सीमाओं तक ही यह विरोध सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कांग्रेस ने राष्ट्रीय राजधानी में भी शक्ति प्रदर्शन का खाका तैयार कर लिया है। पार्टी नेताओं को आगामी 1 नवंबर और 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचकर बड़े आंदोलन में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
वोट चोरी के मुद्दे को आधार बनाकर कांग्रेस ने राज्य से लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दशहरा के दिन पुतला दहन के इस नए और विवादित निर्णय से राज्य में सियासी पारे के चरम पर पहुंचने की पूरी संभावना है।









