नूर महल रोड पर मांस दुकानों पर निगम की सख्ती, 15 दुकानदारों पर जुर्माना
भोपाल। शहर में खुले में मांस बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की। नूर महल रोड क्षेत्र में निगम की टीम ने मांस की दुकानों का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान खुले में मांस टांगकर बेचने, स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने और आसपास गंदगी फैलाने पर दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया। निगम की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।
नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी कि मांस बिक्री के दौरान निर्धारित नियमों और स्वच्छता मानकों का पालन अनिवार्य है। खुले में मांस प्रदर्शित करने अथवा सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई को शहर में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और खुले में मांस बिक्री पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









