मंदसौर – मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में रविवार दोपहर बाइक को टक्कर मारने के बाद 13 सवारियों को ले जा रही एक ईको वैन असंतुलित होकर बिना मुंडेर के कुएं में गिर गई। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई…!
मृतकों में वैन में सवार 10 लोगों के अलावा कुएं में गिरे लोगों को बचाने उतरा युवक और बाइक चालक भी शामिल है। हालांकि अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि लोगों के मरने की वजह चोट लगना है या कुएं में गैस से दम घुटना। वहीं, वैन में सवार तीन लोगों को कुएं से निकालकर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है…!
वैन से माता के दर्शन करने जा रही थीं सवारियां…!
वैन में रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र स्थित ग्राम खोजनखेड़ा से 13 लोग सवार थे। ये सभी नीमच जिले में आंतरी माता के दर्शन करने जा रहे थे। रास्त में दोपहरी करीब साढ़े 12 बजे मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ तहसील क्षेत्र में नारायणगढ़ थाना क्षेत्र स्थित काचरिया चौपाटी के पास तेज रफ्तार वैन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार गोबर सिंह चौहान की मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक में टक्कर मारने के बाद भागने के प्रयास में वैन असंतुलित होकर सड़क के किनारे खेत में बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरी। कुएं में पानी कम था। कार दीवारों से टकराते हुए नीचे जा गिरी। इससे वैन में सवार लोगों का दम घुटने लगा…!
मौके पर मौजूद रहे उपमुख्यमंत्री…!
रतलाम रेंज के डीआइजी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि कुएं में गिरे लोगों की मौत अंदरूनी चोट लगने या वाहन से निकली गैस के प्रभाव में आने से हुई यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी मौके पर पहुंचे…!









