
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूटी वितरण कार्यक्रम में हेलमेट पहनकर विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना जरूरी है।
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने भी टॉपर्स विद्यार्थियों से आह्वान किया कि स्कूटी चलाते वक्त यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने हेलमेट पहनने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, मोबाइल का उपयोग न करने और ओवरटेक से बचने जैसी महत्वपूर्ण बातें याद दिलाईं।
प्रदेश में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई नि:शुल्क स्कूटी योजना के तहत अब तक 23,454 टॉपर्स को 246 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से स्कूटी दी जा चुकी है। इसमें रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और हेलमेट की सुविधा भी शामिल है।









