संपादक रानु शर्मा…
PWD की 9 करोड़ की जमीन बेची, तीन अफसर सस्पेंड — धीरेंद्र शास्त्री के यात्रा प्रभारी से 84 लाख में हुआ सौदा

भोपाल। मध्यप्रदेश में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की करीब 9 करोड़ रुपए मूल्य की सरकारी जमीन को सिर्फ 84 लाख रुपए में बेच देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि तत्कालीन कार्यपालन अभियंता (ईई) के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह जमीन विभाग की संपत्ति के रूप में दर्ज थी, लेकिन दस्तावेज़ों में हेराफेरी कर इसे निजी सौदे के रूप में बेच दिया गया। बताया जा रहा है कि यह सौदा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के यात्रा प्रभारी से किया गया था, जिनके नाम पर रजिस्ट्री कराई गई।
जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि जमीन का बाजार मूल्य करीब 9 करोड़ रुपए था, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने मिलीभगत कर इसे मात्र 84 लाख में ट्रांसफर कर दिया। इस अनियमितता की जानकारी मिलते ही शासन ने जांच समिति गठित की, जिसने प्रारंभिक रिपोर्ट में घोटाले की पुष्टि की।
निलंबित अधिकारियों में एक सहायक यंत्री, एक उपयंत्री और एक लिपिक शामिल हैं। शासन ने तत्कालीन कार्यपालन अभियंता की भूमिका संदिग्ध पाई है और उनके खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
सरकारी जमीन को निजी हाथों में सौंपने की यह कार्रवाई राज्य की राजस्व हानि का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, अब सरकार इस पूरी डील को रद्द कराने और जमीन को दोबारा PWD के नाम पर दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुटी है।










