सेमल्दा तीर्थ में ऐतिहासिक पहल : मां रेवा मंदिर प्रांगण में भव्य घाट निर्माण का संकल्प, नर्मदा जन्मोत्सव से होगी शुरुआत
सेमल्दा/मनावर।
मां नर्मदा जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सेमल्दा तीर्थ में एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहल की शुरुआत होने जा रही है। तीर्थ क्षेत्र के विकास, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मां रेवा मंदिर प्रांगण में भव्य मां रेवा घाट के निर्माण का संकल्प लिया गया है। इसी उद्देश्य से हाल ही में मंदिर परिसर में समिति के सदस्यों एवं नर्मदा भक्तों की एक महत्वपूर्ण संकल्प बैठक आयोजित की गई।
बैठक में घाट निर्माण को भव्य, दिव्य और श्रद्धालु-सुलभ बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि मां नर्मदा जन्मोत्सव के शुभ मुहूर्त पर विधि-विधान के साथ घाट निर्माण हेतु भूमिपूजन किया जाएगा। भूमिपूजन के तुरंत पश्चात निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रारंभ किया जाएगा, ताकि निर्धारित समय में घाट का निर्माण पूर्ण हो सके।
समिति द्वारा प्रस्तावित डिजाइन में आधुनिक सुविधाओं के साथ पौराणिक और आध्यात्मिक स्वरूप को विशेष रूप से समाहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह है कि श्रद्धालुओं को स्नान, पूजा-अर्चना और दर्शन के दौरान सुरक्षित, सुलभ और आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हो सके।
इस संकल्प बैठक में कोटेश्वर नर्मदा बहुउद्देशीय सेवा संस्थान के अध्यक्ष मोहन पाटीदार (भंवरिया) सहित प्रमुख समाजसेवी मुकेश पाटीदार, रणवीर सिंह तोमर, राजपाल सिंह चौहान, हरीश पाटीदार, दिलीप पाटीदार, सुरेश गड़ीवाले, महेंद्र कामदार, तुकाराम पटेल, देवदास पाटीदार, गोपाल पाटीदार, सुखदेव पाटीदार, जितेंद्र, कृष्णपाल सेमल्दा सहित बड़ी संख्या में नर्मदा भक्त उपस्थित रहे।
घाट निर्माण की इस घोषणा से कोटेश्वर और सेमल्दा क्षेत्र के निवासियों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। संस्थान के अध्यक्ष मोहन पाटीदार ने बताया कि यह भव्य घाट न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि सेमल्दा तीर्थ क्षेत्र की सुंदरता और पहचान को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
समिति ने सभी धर्मप्रेमियों और नर्मदा भक्तों से अपील की है कि वे 25 जनवरी को मां नर्मदा जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित संकल्प सभा एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य कार्य के साक्षी बनें और इसे सफल बनाएं।










