भोपाल | गांधीनगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्कॉर्पियो से 135 लीटर अवैध शराब जब्त

भोपाल में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गांधीनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन से 135 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 62 हजार रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अपराधों की रोकथाम एवं मादक पदार्थों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में पुलिस उपायुक्त श्री मयूर खण्डेलवाल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री मलकीत सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त निशातपुरा श्री अक्षय चौधरी के मार्गदर्शन में प्रत्येक थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है। इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
घटना का विवरण
दिनांक को गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार (क्रमांक MP21 CA 8307) में अवैध शराब भरी हुई है, जो व्यावरा रोड से गांधीनगर होते हुए भोपाल शहर की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गश्ती स्टाफ और राहगीर गवाहों को साथ लेकर व्यावरा रोड स्थित होली फैमिली स्कूल के सामने वाहन चेकिंग शुरू की।
कुछ ही देर में मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की सफेद स्कॉर्पियो वाहन व्यावरा की ओर से आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन नहीं रोका, बल्कि तेज गति से भागने का प्रयास किया। इसके बाद एफआरवी वाहन द्वारा संदिग्ध स्कॉर्पियो का पीछा किया गया। भागने के दौरान एयरपोर्ट रोड पर सफायर ब्लू होटल के पास स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए वाहन की घेराबंदी कर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुभाष कुशवाह पिता जयकुमार कुशवाह, उम्र 21 वर्ष, निवासी मकान नंबर 151/1, प्रताप नगर, बाणगंगा, भोपाल बताया।
तलाशी में मिली अवैध शराब
स्कॉर्पियो वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर देशी शराब के क्वार्टरों की कुल 15 पेटियां बरामद हुईं, जिसकी कुल मात्रा 135 लीटर पाई गई। आरोपी के पास शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस द्वारा अवैध शराब के स्रोत और नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
सुभाष कुशवाह पिता जयकुमार कुशवाह, उम्र 21 वर्ष, निवासी प्रताप नगर, बाणगंगा, भोपाल।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजेन्द्र मर्सकोले, उप निरीक्षक अयाज चांदा, सहायक उप निरीक्षक रामाकांत पाण्डेय, प्रआर 816 सुभाष जादौन, प्रआर 1408 मोहन श्रेष्ठ, प्रआर 2651 अनुराग पटेल, प्रआर 295 श्रीकृष्ण कटारिया, प्रआर 2650 चन्द्रमोहन, आरक्षक 463 हरिओम, 3060 रोहित, 3795 भगवान सिंह, 3650 जितेन्द्र, 4463 लाखन एवं 3676 बलराम की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










