इंदिरा भवन में कांग्रेस का “कनेक्ट सेंटर” समीक्षा बैठक, संगठन को मजबूत करने पर हुआ मंथन
भोपाल।
मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को ज़मीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज इंदिरा भवन, भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के संगठन से जुड़ाव को सुनिश्चित करने के लिए “कनेक्ट सेंटर” की एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी श्री हरीश चौधरी जी ने संगठनात्मक मजबूती पर ज़ोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं और उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने “कनेक्ट सेंटर” को संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच सेतु बताते हुए इसे और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
पूर्व मंत्री श्री सज्जन वर्मा जी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास जनसंघर्षों से जुड़ा रहा है और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी जनआंदोलनों को मजबूती देती है। उन्होंने संगठनात्मक कार्यक्रमों को ज़मीनी स्तर तक ले जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
संगठन महामंत्री श्री संजय कामले जी ने “कनेक्ट सेंटर” की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राजीव सिंह जी ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं, सुझावों और फीडबैक को संगठन तक पहुंचाने की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की बात कही।
बैठक में उपस्थित AICC सचिव श्री चंदन यादव जी ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व निरंतर संगठन को आधुनिक तकनीक और संवाद के माध्यम से मजबूत कर रहा है, ताकि हर कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा से मजबूती से जुड़ा रहे।
बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रमों, प्रशिक्षण सत्रों और जनसंपर्क अभियानों की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संकल्प दोहराया।










