भोपाल। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में दलहन उत्पादक राज्यों के कृषि मंत्रियों की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी सहभागिता करेंगे। इस सम्मेलन का उद्देश्य दलहन उत्पादन को बढ़ावा देना, किसानों की आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र से जुड़े नवाचारों पर मंथन करना है।
सम्मेलन को लेकर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस केवल आरोप लगाने की राजनीति करती है, जबकि उसके पास न तो कोई ठोस मॉडल है और न ही किसानों के हित में कोई स्पष्ट दृष्टि। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार मध्यप्रदेश को बदनाम करने का प्रयास कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता सच्चाई से भली-भांति परिचित है।
आशीष अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवाल उसकी बौखलाहट को दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की किसान हितैषी नीतियों और सफल योजनाओं से कांग्रेस असहज है, इसलिए वह तथ्यहीन आरोपों का सहारा ले रही है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार इस वर्ष को “कृषि वर्ष” के रूप में मना रही है और अन्नदाताओं के हित में कई नई पहल एवं महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा जल्द की जाएगी, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने संकेत दिए कि इस कॉन्फ्रेंस के दौरान दलहन उत्पादन, मूल्य समर्थन, तकनीकी नवाचार और बाजार व्यवस्था को लेकर कई सकारात्मक घोषणाएं हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा किसान हित को प्राथमिकता दी है और इसी सोच के तहत नीतियों का निर्माण किया गया है। दलहन उत्पादन में मध्यप्रदेश की अग्रणी भूमिका को और मजबूत करने के लिए यह कॉन्फ्रेंस मील का पत्थर साबित होगी। आशीष अग्रवाल ने विश्वास जताया कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन न केवल किसानों के भविष्य को मजबूत करेगा, बल्कि देश की कृषि अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देगा।










