भोपाल में पुलिस का बड़ा एक्शन : ईरानी डेरा में मेगा दबिश, 39 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों का माल जब्त
भोपाल। राजधानी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत भोपाल पुलिस ने जोन-4 क्षेत्र में अब तक की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। देर रात कॉम्बिंग गश्त के दौरान अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरा में योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई, जहां से 31 पुरुष और 8 महिला आरोपियों सहित कुल 39 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी के निर्देश पर 10/11 फरवरी की रात शहरभर में कॉम्बिंग गश्त चलाई गई। लंबे समय से निशातपुरा थाना क्षेत्र की अमन कॉलोनी अपराधियों की शरणस्थली बनी हुई थी। दूसरे राज्यों और जिलों की पुलिस टीमें यहां आरोपियों की तलाश में आती थीं, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के कारण कार्रवाई में बाधा आती रही।
इस बार पुलिस ने पूरी रणनीति के साथ मोर्चा संभाला। पुलिस उपायुक्त जोन-4 मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मलकीत सिंह, अति. पुलिस उपायुक्त अनिल शर्मा, 8 एसीपी, 16 निरीक्षक और करीब 400 पुलिस बल ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया, जिस पर पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें भी गिरफ्तार किया।
करोड़ों का माल जब्त
दबिश में पुलिस ने चोरी और अन्य वारदातों से जुड़े भारी मात्रा में सामान बरामद किया।
17 दोपहिया वाहन
39 मोबाइल फोन (करीब 8 लाख रुपये)
644.56 ग्राम सोना (करीब 1 करोड़ रुपये कीमत)
240 ग्राम चांदी के आभूषण
1 लाख 35 हजार रुपये नगद
1 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा
इनामी और स्थाई वारंटी भी दबोचे
गिरफ्तार आरोपियों में 5 स्थाई वारंटी शामिल हैं, जिनके खिलाफ 7 स्थाई वारंट जारी थे। कई आरोपी मध्यप्रदेश के अलावा महाराष्ट्र और अन्य राज्यों के निवासी हैं। कुछ पर एक लाख रुपये तक का इनाम घोषित था और वे हत्या, लूट, धोखाधड़ी व अन्य गंभीर मामलों में फरार चल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक कई आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और अन्य राज्यों की पुलिस से भी समन्वय किया जा रहा है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
भोपाल पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराधियों को शरण देने या पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। राजधानी में अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
इस मेगा ऑपरेशन ने यह संदेश दे दिया है कि भोपाल में अब अपराधियों की खैर नहीं।










