Search
Close this search box.

ताला टूटा, खेल खत्म : 12 घंटे में 4.5 लाख की लूट का हिसाब बराबर, शातिर सलाखों के पीछे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

12 घंटे में खुलासा : ताला तोड़ 4.5 लाख की ज्वेलरी उड़ाने वाला शातिर गिरफ्तार, निशातपुरा पुलिस की सटीक कार्रवाई

MP – भोपाल में नकबजनी की वारदात को लेकर पुलिस ने तेज़ी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर चोरी का पर्दाफाश कर दिया। 4.5 लाख रुपये की ज्वेलरी बरामद कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया। कार्रवाई भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के निर्देशन में की गई।

पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी के निर्देश पर जोन-04 की टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस उपायुक्त मयूर खंडेलवाल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मलकीत सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त अक्षय चौधरी के मार्गदर्शन में थाना निशातपुरा प्रभारी मनोज पटवा के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्य, CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी तक पहुंच बनाई।

क्या था मामला?

फरियादी साजिद खान 13 फरवरी की रात घर में ताला लगाकर कार्यक्रम में गए थे। देर रात लौटने पर मकान की दूसरी मंजिल का ताला टूटा मिला, दरवाजा खुला था और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। लोहे की अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात लाल डिब्बे सहित पार कर दिए गए थे। चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 4.5 लाख रुपये आंकी गई।

मामले में थाना निशातपुरा में अपराध क्रमांक 96/26 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

12 घंटे में गिरफ्तारी

तेज़ पड़ताल के बाद पुलिस ने 26 वर्षीय आमिर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक सोने का हार, सोने की अंगूठी, चार सोने की बालियां, पांच चांदी की पायल और एक चांदी की चेन बरामद की गई।

पहले से अपराधी रिकॉर्ड

आरोपी के खिलाफ भोपाल के अलग-अलग थानों में पहले से पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर प्रकरण शामिल हैं। यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि आरोपी इलाके में लगातार सक्रिय था।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोज पटवा, उपनिरीक्षक श्रीकांत द्विवेदी, उपनिरीक्षक अशोक शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक गोपाल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक संजय चौबे, प्रधान आरक्षक रविश रावत, आरक्षक शिवराज, मनोज शिवडे और चंद्रकांत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

निशातपुरा पुलिस की इस फुर्तीली कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अपराधी चाहे जितना शातिर क्यों न हो, कानून की पकड़ से बचना आसान नहीं। भोपाल में अपराध पर लगाम कसने का यह संदेश साफ और सख्त है।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें