Search
Close this search box.

“मीनाक्षी प्रकरण में बीजेपी का बड़ा हमला: ‘कांग्रेस ने खुद रची साजिश, सुप्रीम कोर्ट ने खोल दी पोल'”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर बीजेपी का पलटवार, कांग्रेस पर ही लगाया साजिश का आरोप

भोपाल/दिल्ली। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने और सुप्रीम कोर्ट से राहत न मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। प्रदेश सरकार की मंत्री कृष्णा गौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन भाजपा ने नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर रची गई साजिश के कारण रद्द हुआ है।

 

कृष्णा गौर ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा पर आरोप लगाने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि तेलंगाना की एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता ने न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन मीनाक्षी नटराजन ने पीड़ित महिला का साथ देने के बजाय कांग्रेस नेता का पक्ष लिया। न्याय नहीं मिलने पर महिला को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा और इसी मामले में मीनाक्षी नटराजन को भी सह-आरोपी बनाया गया था।

 

मंत्री ने कहा कि कोर्ट द्वारा जारी नोटिस का जवाब स्वयं मीनाक्षी नटराजन ने दिया था, इसलिए मामले की जानकारी छिपाना गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान की बात तो करती है, लेकिन व्यवहार में महिलाओं का अपमान करती है।

 

“कांग्रेस ने खुद रद्द कराया नामांकन”

 

कृष्णा गौर ने दावा किया कि राहुल गांधी द्वारा मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस के कुछ नेताओं ने उनके खिलाफ अंदरूनी साजिश रची। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र सही तरीके से नहीं भरा गया और पूरी प्रक्रिया को इस तरह अंजाम दिया गया कि नामांकन रद्द हो जाए।

 

उन्होंने कहा, “यह भाजपा की नहीं, कांग्रेस की अंदरूनी कलह और षड्यंत्र का परिणाम है। कांग्रेस नेताओं ने ही मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ खेल खेला है।”

 

सुप्रीम कोर्ट से भी नहीं मिली राहत

 

दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट द्वारा मीनाक्षी नटराजन की याचिका खारिज किए जाने के बाद कृष्णा गौर ने कहा कि अदालत के फैसले ने सच्चाई सामने ला दी है।

 

उन्होंने कहा, “सुप्रीम कोर्ट ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया। कांग्रेस का षड्यंत्र अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है।”

 

कांग्रेस के दोहरे चरित्र पर हमला

 

कृष्णा गौर ने कांग्रेस पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी नारी सम्मान के नाम पर राजनीति कर रही है, जबकि उसका इतिहास महिलाओं के अपमान से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने राजनीतिक पापों को छिपाने के लिए महिला सम्मान का मुद्दा बना रही है।

 

मंत्री ने तीखे शब्दों में कहा कि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है और यदि यही स्थिति रही तो आने वाले समय में उसका राजनीतिक अस्तित्व भी संकट में पड़ जाएगा।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें