मोहर्रम जुलूस में 40 फीट ऊंचाई पर लटकी वैन में धमाका, वीडियो वायरल
उज्जैन/बड़नगर। उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक अनोखा और हैरान करने वाला दृश्य देखने को मिला। 23 जून की रात निकाले गए जुलूस में एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन की सहायता से करीब 40 फीट ऊंचाई पर लटकाया गया, जिस पर दो युवक लाल झंडे लहराते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर बाद वैन में जोरदार विस्फोट किया गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि जिस वैन में विस्फोट किया गया, उस पर “ले फिर आ गए” लिखा हुआ था। अडान मोहल्ले से निकले इस जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। फिलहाल घटना को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।










