Search
Close this search box.

कल से पल्स पोलियो का महाअभियान : 193 बूथों पर 24 हजार से अधिक बच्चों को मिलेगी ‘दो बूंद जिंदगी की’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर में कल से पल्स पोलियो का महाअभियान : 193 बूथों पर 24 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी “दो बूंद जिंदगी की”

धार/मनावर। संवाददाता संजय यादव 

मनावर विकासखंड में मासूमों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए कल, यानी रविवार 28 जून से तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शंखनाद होने जा रहा है। इस महाअभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक की आयु के कुल 24,305 बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई जाएगी। यह अभियान 28 जून से शुरू होकर 30 जून तक लगातार तीन दिनों तक चलेगा।

तैयारियां पूरी, तैनात रहेंगे 400 वॉरियर्स

अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी कमर कस ली है। शनिवार को मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी (CBMO) डॉ. चम्पा बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डॉ. बघेल ने बताया कि विकासखंड के कोने-कोने तक पहुंच बनाने के लिए कुल 193 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों पर मुस्तैदी से कार्य करने के लिए 400 स्वास्थ्य कर्मियों और वालंटियर्स की ड्यूटी लगाई गई है।

कर्मचारियों को मिला अंतिम प्रशिक्षण

“अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, इसके लिए सभी 400 मैदानी कर्मचारियों को अंतिम दौर का विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है। हमारा लक्ष्य विकासखंड के हर एक बच्चे तक पहुंचना है ताकि कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रहे।”

डॉ. चम्पा बघेल, मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी

 

तीन दिनों का रहेगा पूरा शेड्यूल

28 जून (रविवार): अभियान के पहले दिन निर्धारित 193 बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।

29 व 30 जून (सोमवार-मंगलवार): छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाने के लिए स्वास्थ्य कर्मी घर-घर (मॉप-अप राउंड) दस्तक देंगे।

अपील : स्वास्थ्य विभाग ने विकासखंड के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे रविवार को अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक जरूर पिलवाएं और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें