Search
Close this search box.

टांडा रोड स्टेशन का निरीक्षण, रेल परियोजना को मिलेगी रफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टांडा रोड रेलवे स्टेशन पहुंचे सावित्री ठाकुर और कैलाश विजयवर्गीय, बोले- इंदौर–छोटा उदयपुर रेल परियोजना बदलेगी आदिवासी अंचल की तस्वीर

धार। धार जिले के आदिवासी अंचल के विकास को नई दिशा देने वाली इंदौर–छोटा उदयपुर रेल परियोजना तेजी से आकार ले रही है। इसी क्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने शनिवार को मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ निर्माणाधीन टांडा रोड रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टेशन निर्माण और रेल परियोजना की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। श्रीमती सावित्री ठाकुर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए।

 

इस अवसर पर श्रीमती ठाकुर ने कहा कि आज़ादी के बाद पहली बार आदिवासी बहुल क्षेत्र तक रेल पहुंचना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह परियोजना सिर्फ रेलवे लाइन नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की मजबूत नींव साबित होगी। उन्होंने कहा कि रेल संपर्क शुरू होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी, जिससे लाखों लोगों के वर्षों पुराने रेल सुविधा के सपने साकार होंगे।

 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर काम कर रही है और इंदौर–छोटा उदयपुर रेल परियोजना उसी संकल्प का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

 

वहीं, प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने परियोजना की प्रगति पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इस रेल परियोजना से पूरे आदिवासी अंचल को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

 

निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भी परियोजना के जल्द पूरा होने की उम्मीद जताई। क्षेत्रवासियों का मानना है कि रेलवे लाइन शुरू होने के बाद धार सहित पूरे आदिवासी अंचल में आवागमन आसान होगा, व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और विकास को नई गति मिलेगी।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें