राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को धार आने का न्योता, केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने वीरांगना रानी दुर्गावती जयंती समारोह में किया आमंत्रित
धार/नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार–महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को आगामी अक्टूबर माह में धार में आयोजित होने वाले वीरांगना रानी दुर्गावती जयंती समारोह एवं महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान श्रीमती सावित्री ठाकुर ने राष्ट्रपति को प्रस्तावित आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रानी दुर्गावती जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाला यह सम्मेलन महिला सशक्तिकरण को समर्पित होगा, जिसमें देश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों से स्वयं सहायता समूहों का सफल संचालन करने वाली महिलाएं, युवा महिला उद्यमी, नवाचार और स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाएं तथा समाज सेवा और महिला नेतृत्व में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को एक मंच पर सम्मानित और प्रेरित किया जाएगा।
श्रीमती ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और आर्थिक भागीदारी को नई दिशा दी है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का व्यापक कार्य हुआ है। प्रस्तावित सम्मेलन इसी परिवर्तनकारी सोच को समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
उन्होंने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि उनके गरिमामय सान्निध्य से यह आयोजन ऐतिहासिक बन जाएगा और विशेष रूप से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की महिलाओं को नई प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संघर्ष, सामाजिक समर्पण और देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने का उनका सफर करोड़ों महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्रीमती सावित्री ठाकुर ने विश्वास जताया कि यदि राष्ट्रपति इस आयोजन में शामिल होती हैं तो महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी। साथ ही वीरांगना रानी दुर्गावती के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान का संदेश नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।
सौजन्य भेंट के दौरान महिला एवं सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। अंत में श्रीमती सावित्री ठाकुर ने राष्ट्रपति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।










