Search
Close this search box.

खेरवा में एसपी का जनसंवाद, शिक्षा और अपराध रोकने का दिया संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रिपोर्ट : संजय यादव, मनावर…

मनावर (धार)। धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने रविवार को मनावर थाना क्षेत्र की उमरबन चौकी अंतर्गत ग्राम खेरवा पहुंचकर ग्रामीणों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और गांव के समग्र विकास पर खुलकर चर्चा की तथा ग्रामीणों से पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षित और विकसित समाज बनाने की अपील की।

जनसंवाद में ग्राम सरपंच प्रदीप, मुस्लिम समाज के प्रमुख प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। चर्चा के दौरान मुस्लिम समाज के एक युवक ने एसपी से मांग की कि चोरी जैसे अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो, लेकिन निर्दोष लोगों को अनावश्यक परेशान न किया जाए।

 

ग्रामीणों ने गांव की जर्जर सड़क, बारिश में जलभराव से आवागमन बाधित होने, पेयजल संकट और स्कूल में शिक्षकों की कमी जैसी समस्याएं भी प्रमुखता से उठाईं।

 

एसपी सचिन शर्मा ने कहा कि “खेरवा गांव कुछ असामाजिक तत्वों के कारण बदनाम हुआ है। ऐसे लोगों को समाज से हतोत्साहित करें और उनकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस हमेशा कानून के दायरे में रहकर निष्पक्ष कार्रवाई करेगी।”

 

उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि अच्छी शिक्षा ही गांव की तस्वीर और तकदीर बदल सकती है। उन्होंने कहा कि खेरवा के बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, खिलाड़ी, अधिकारी और अन्य क्षेत्रों में देश की सेवा कर गांव की नई पहचान बना सकते हैं।

 

एसपी ने यह भी भरोसा दिलाया कि सड़क, पेयजल और शिक्षा जैसी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

 

इस अवसर पर एसडीओपी बृजेश मालवीय, थाना प्रभारी राजेश यादव, उमरबन चौकी प्रभारी अश्विन चौहान, बकानेर चौकी प्रभारी प्रशांत पाल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें