बड़ी खबर | धार में शराब परिवहन पर सवाल, आबकारी अधिकारी ने कार्रवाई का जिम्मा पुलिस पर बताया
धार/मनावर। मध्य प्रदेश के धार जिले में अंग्रेजी शराब के कथित अवैध परिवहन से जुड़े मामले ने एक बार फिर आबकारी व्यवस्था को चर्चा में ला दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गुजरात पास वाली अंग्रेजी शराब से भरी गाड़ी पकड़े जाने के बाद शराब के परिवहन, परमिट और निर्धारित रूट को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
मामले को लेकर जब मनावर आबकारी अधिकारी से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि शराब से संबंधित सूचना आबकारी विभाग के साथ-साथ मनावर पुलिस थाना को भी प्राप्त हुई थी और इस मामले में कार्रवाई मनावर पुलिस द्वारा की गई है। अधिकारी ने शराब की कीमत और मात्रा की जानकारी के लिए मनावर थाने से संपर्क करने की बात कही।
वहीं, पूरे प्रकरण में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि शराब परिवहन के लिए वैध परमिट और निर्धारित रूट आवश्यक है, तो पकड़ी गई गाड़ी के दस्तावेज, परमिट और रूट की स्थिति क्या थी? इन बिंदुओं की जांच से ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
नए आबकारी अधिकारी के आने के बाद लगातार कार्रवाई का दावा
इधर, स्थानीय स्तर से मिली जानकारी के मुताबिक मनावर में नए आबकारी अधिकारी के पदस्थ होने के बाद अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभागीय स्तर पर हो रही इन कार्रवाइयों को लेकर भी चर्चा बनी हुई है। हालांकि, इन कार्रवाईयों की संख्या और विस्तृत विवरण की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग से किया जाना बाकी है।
वहीं कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा अवैध शराब के मुद्दे को लेकर आवाज उठाए जाने के बाद मामला और गरमा गया है। साथ ही यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि अंग्रेजी शराब ठेकेदारों के मैनेजरों तक कथित PCM शराब की सप्लाई किस माध्यम से पहुंच रही है?
अब पूरे मामले में मनावर पुलिस की जांच, शराब की वास्तविक मात्रा-कीमत, वाहन के परमिट और रूट तथा सप्लाई चैन से जुड़े तथ्यों पर नजर रहेगी। फिलहाल सामने आए आरोपों और चर्चाओं की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।










