नई दिल्ली।

राजधानी की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित दिल्ली भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई केंद्रीय मंत्री, सांसद-विधायक और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

प्रदेश भाजपा का सफर आजादी के बाद नया बाजार से शुरू हुआ था, जो अब पांच मंजिला आधुनिक भवन तक पहुंच गया है। करीब 825 वर्ग मीटर में बने इस कार्यालय में 300 लोगों की क्षमता वाला सभागार, कॉन्फ्रेंस हॉल, कैंटीन, नेताओं के लिए कक्ष और पार्किंग की सुविधा है। भवन में दक्षिण भारतीय वास्तुकला की झलक देखने को मिलती है और पूरे परिसर को आधुनिक सुरक्षा इंतज़ामों से लैस किया गया है। भाजपा नेताओं के मुताबिक, यह कार्यालय केवल संगठन का केंद्र नहीं बल्कि संस्कार और विचारधारा का पोषण स्थल बनेगा।










