भावांतर योजना में मंडी बोर्ड को गिरवी रखने के विरोध में मनावर मंडी 29 अक्टूबर को रहेगी बंद…!
मंडी सचिव भगत सिंह द्वार के मार्गदर्शन में कर्मचारियों ने किया हड़ताल का निर्णय…!

मनावर (जिला धार)। मध्यप्रदेश मंडी बोर्ड भोपाल के संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आव्हान पर कृषि उपज मंडी समिति मनावर के अधिकारी और कर्मचारी 29 अक्टूबर 2025 को सामूहिक हड़ताल पर रहेंगे। यह निर्णय भावांतर योजना के संचालन हेतु मंडी बोर्ड को गिरवी रखने और कर्मचारियों की लंबित मांगों का निराकरण न होने के विरोध में लिया गया है।
संयुक्त संघर्ष मोर्चा मध्यप्रदेश मंडी बोर्ड, भोपाल के संयोजक द्वारा मुख्यमंत्री को दिए गए ज्ञापन क्रमांक 1630 दिनांक 17 अक्टूबर 2025 के संदर्भ में मनावर मंडी समिति ने भी पूर्ण समर्थन की घोषणा की है। इसी क्रम में मंडी सचिव भगत सिंह द्वार के तत्वाधान, मार्गदर्शन और उपस्थिति में मंडी के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी एकजुट होकर आंदोलन के समर्थन में रहे।

कर्मचारियों ने कहा कि सरकार द्वारा मंडी बोर्ड को गिरवी रखकर भावांतर योजना संचालित किया जाना संस्थान की स्वायत्तता पर सीधा प्रहार है। साथ ही उनकी वर्षों पुरानी लंबित मांगों — जैसे वेतन विसंगति का समाधान, पदोन्नति, सेवा शर्तों में सुधार और स्थायीकरण — पर सरकार की उदासीनता भी गहरा असंतोष पैदा कर रही है।
संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि शासन ने उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को राज्यव्यापी रूप दिया जाएगा और आगामी चरणों में प्रदेशभर की मंडियों में कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा।










