Search
Close this search box.

मनावर को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात, सांसद सावित्री ठाकुर ने किया नवीन सिविल अस्पताल का लोकार्पण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर | रिपोर्टर – संजय यादव

धार जिले के मनावर में सेमल्दा मार्ग स्थित नवीन सिविल अस्पताल का लोकार्पण केंद्रीय राज्य मंत्री एवं धार-महू सांसद सावित्री ठाकुर ने किया। अस्पताल के शुरू होने से मनावर और उमरबन क्षेत्र के लगभग दो लाख लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

लोकार्पण कार्यक्रम के साथ जनकल्याण शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। सांसद सावित्री ठाकुर ने हितग्राहियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सांसद ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने धार रेल परियोजना को आदिवासी समुदाय के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसके लाभ भी गिनाए।

कार्यक्रम के दौरान नवीन सिविल अस्पताल परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया गया तथा रक्तदान शिविर का आयोजन भी हुआ। वहीं हरिकृपा सेवा संस्था द्वारा सांसद सावित्री ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर अस्पताल में ब्लड बैंक एवं वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस की मांग की गई। संस्था ने बताया कि क्षेत्र के मरीजों को रक्त की आवश्यकता होने पर बड़वानी या धामनोद पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की समस्या उत्पन्न होती है। साथ ही गंभीर मरीजों को इंदौर या बड़वानी रेफर करने के लिए आधुनिक एंबुलेंस की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

कार्यक्रम में भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार, नगर पालिका सीएमओ संतोष चौहान, एसडीएम प्रमोद गुजर, महेंद्र परिहार, कपिल सोलंकी, मौनु पाटीदार, पन्नालाल पाटीदार, दामोदर खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें