धार में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई : गंधवानी में 4G कपास बीज को लेकर छापेमारी, दो प्रतिष्ठानों पर जांच जारी
संवाददाता संजय यादव
धार। जिले के गंधवानी क्षेत्र में कृषि विभाग ने अवैध एवं बिना अनुमति के बेचे जा रहे कपास बीजों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। कृषि विभाग के उड़नदस्ते ने शुक्रवार को गंधवानी में छापामार अभियान चलाते हुए 4G कपास बीज और बिना अनुमति के रखे गए कपास बीजों की जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान डीपी ट्रेडर्स और कृषिधन कुशल एग्रो प्रतिष्ठानों पर बड़ी मात्रा में बीजों के स्टॉक, दस्तावेजों और वैधता की जांच की जा रही है। मौके पर उप संचालक कृषि (DDA) सहित कृषि विभाग की टीम मौजूद है और पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
कृषि विभाग का यह अभियान किसानों तक केवल प्रमाणित और वैध बीज पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल कार्रवाई जारी है और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी एवं विभागीय रिपोर्ट का इंतजार है…!









