Search
Close this search box.

स्कॉल इंटरनेशनल का मध्यप्रदेश में आगमन, पर्यटन को मिलेगी वैश्विक पहचान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मध्यप्रदेश के पर्यटन को मिला वैश्विक मंच, भोपाल में स्कॉल इंटरनेशनल की नई शुरुआत

डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल बोले— वैश्विक नेटवर्क से प्रदेश के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

 

भोपाल – मध्यप्रदेश के पर्यटन क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में विश्व के प्रतिष्ठित पर्यटन एवं आतिथ्य संगठन स्कॉल इंटरनेशनल (SKÅL International) ने प्रदेश में औपचारिक प्रवेश कर लिया। राजधानी भोपाल के ताज लेकफ्रंट होटल में आयोजित भव्य स्थापना एवं पदग्रहण समारोह में ‘स्कॉल इंटरनेशनल भोपाल’ की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ल मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने की।

 

दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए समारोह में नवगठित कार्यकारिणी ने शपथ ग्रहण की। महेंद्र प्रताप सिंह ने स्कॉल इंटरनेशनल भोपाल के प्रथम अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला।

 

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्कॉल इंटरनेशनल का मध्यप्रदेश आगमन प्रदेश के पर्यटन उद्योग के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश प्राकृतिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन की अपार संभावनाओं से समृद्ध है। ऐसे वैश्विक संगठन के जुड़ने से प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी, पर्यटन निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

 

अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन के समग्र विकास के लिए दूरदर्शी योजनाओं पर कार्य कर रही है। स्कॉल इंटरनेशनल जैसे वैश्विक संगठन प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नेटवर्क से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे।

 

सचिव, मुख्यमंत्री एवं पर्यटन विभाग तथा मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि स्कॉल इंटरनेशनल का प्रदेश में आगमन मध्यप्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूत बनाएगा। इससे पर्यटन निवेश, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और उद्योग के विस्तार को नई गति मिलेगी।

 

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेडेकर, स्कॉल इंडिया के अध्यक्ष संजीव मेहरा, सचिव रोहित हंगल सहित पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के अनेक विशेषज्ञ और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

 

90 देशों में 12,500 से अधिक सदस्यों का वैश्विक नेटवर्क

 

स्कॉल इंटरनेशनल भोपाल के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह, सचिव शांतनु त्रिवेदी और कोषाध्यक्ष संजय चौरसिया ने बताया कि संगठन का मूल मंत्र “Doing Business Among Friends” है। लगभग 90 वर्षों से सक्रिय यह संगठन पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र के पेशेवरों को एक वैश्विक मंच पर जोड़ने का कार्य कर रहा है। वर्तमान में इसके 90 से अधिक देशों में लगभग 12,500 सदस्य हैं, जो पर्यटन उद्योग के विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

 

स्कॉल इंटरनेशनल भोपाल की स्थापना के साथ अब मध्यप्रदेश का पर्यटन वैश्विक नेटवर्क से सीधे जुड़ गया है, जिससे प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में नई पहचान और नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें