खाद के लिए भटक रहा अन्नदाता, धार में आदिवासी कांग्रेस ने सरकार को घेरा
धार। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के सरकार के दावों के बीच जमीनी स्तर पर किसानों की परेशानी को लेकर आदिवासी कांग्रेस धार के जिला अध्यक्ष सुनील स्टार चौहान ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि अन्नदाता को भाषण और आश्वासन नहीं, बल्कि खेती के समय पर यूरिया और डीएपी चाहिए।
सुनील स्टार चौहान ने कहा कि यदि खाद वितरण में नए नियम, रोक या हिसाब-किताब के नाम पर किसानों को फिर से परेशान किया गया तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों को बार-बार लंबी कतारों में लगाना, पोर्टल और कागजी प्रक्रिया के चक्कर लगवाना तथा समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराना व्यवस्था की गंभीर खामी है।
उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर खाद की पर्याप्त उपलब्धता का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर किसान अपनी जरूरत के समय खाद के लिए भटकने को मजबूर है। अन्नदाता देश का पेट भरता है, इसलिए उसे परेशान करने के बजाय व्यवस्था को किसान हितैषी बनाया जाना चाहिए।
आदिवासी कांग्रेस ने सरकार से खाद की पर्याप्त उपलब्धता, पारदर्शी वितरण और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। चौहान ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संगठन अन्नदाता के अधिकार और सम्मान की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगा।










