Search
Close this search box.

गुनौर CHC की खुली पोल, विधायक ने लगाई फटकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुनौर CHC में विधायक के औचक निरीक्षण से खुली स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल, कर्मचारी मिले नदारद

रिपोर्टर – रजनीश नामदेव | पन्ना, मध्य प्रदेश

प्रसूताओं को पोषण आहार नहीं मिलने की शिकायत, चार्ट बोर्ड गायब; डॉक्टर को लगाई फटकार, सुधार के दिए सख्त निर्देश

 

पन्ना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गुनौर में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत उस समय सामने आ गई, जब गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने अचानक अस्पताल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई गंभीर खामियां मिलीं। कई कर्मचारी अपने निर्धारित कार्यस्थलों से नदारद पाए गए, वहीं प्रसूताओं को शासन के मापदंडों के अनुसार पोषण आहार नहीं मिलने की शिकायत ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए।

 

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान प्रसूताओं को दिए जाने वाले पोषण आहार की व्यवस्था में लापरवाही सामने आई। हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल में पोषण आहार से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने वाला चार्ट बोर्ड तक मौजूद नहीं था। इससे अस्पताल प्रबंधन की निगरानी और व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे।

 

वहीं, निरीक्षण से पहले ही अस्पताल परिसर में सफाई ठेकेदार द्वारा साफ-सफाई कराई जा रही थी। इस स्थिति ने अस्पताल की नियमित स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी संदेह पैदा कर दिया। सवाल यह है कि क्या अस्पताल में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं नियमित रूप से संचालित होती हैं या फिर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के निरीक्षण की सूचना मिलते ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की औपचारिकता निभाई जाती है?

 

अस्पताल में मिली अव्यवस्थाओं पर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने संबंधित डॉक्टर को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति, प्रसूताओं को निर्धारित पोषण आहार उपलब्ध कराने और अस्पताल परिसर में साफ-सफाई सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

 

निरीक्षण के दौरान गुनौर एसडीएम नरेंद्र सिंह धुर्वे, तहसीलदार हेमंत अवधिया, मेडिकल ऑफिसर डॉ. ओंकारनाथ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

अब सवाल जवाबदेही का है! विधायक के औचक निरीक्षण में उजागर हुई खामियों के बाद क्या स्वास्थ्य विभाग जिम्मेदारों पर कार्रवाई करेगा या मामला केवल निर्देशों और आश्वासनों तक सीमित रह जाएगा? क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि गुनौर CHC की व्यवस्थाओं में अब केवल दिखावटी नहीं, बल्कि स्थायी सुधार होगा, ताकि मरीजों और प्रसूताओं को शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।

 

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें