सुप्रीम कोर्ट से पीसी शर्मा को झटका, याचिका खारिज; सबनानी का कांग्रेस पर हमला
भोपाल।मध्य प्रदेश की दक्षिण-पश्चिम विधानसभा सीट से पूर्व विधायक पीसी शर्मा को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दायर उनकी याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया। इस फैसले के बाद भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक बार फिर कांग्रेस का झूठ अदालत में उजागर हुआ है।
दरअसल, पीसी शर्मा ने 2023 के विधानसभा चुनाव परिणाम को चुनौती देते हुए पहले जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा सहित वकीलों के पैनल ने पैरवी की, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने भी याचिका खारिज कर दी।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि ईवीएम पर सवाल उठाना कांग्रेस और उसके नेताओं की आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है।
सबनानी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के जनमत, चुने हुए जनप्रतिनिधियों और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर उनका मजाक उड़ाने वालों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विधि विशेषज्ञों से राय लेकर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।









